जीते-जी बुक कर रहे अपनी अंतिम विदाई! अब चार कंधों से पिंडदान तक की जिम्मेदारी उठाएगी ये कंपनी

# ## National

 किसी घर में जब भी कोई दुनिया छोड़ कर चला जाता है तो ऐसे में परिवार पहले ही गहरे सदमे में होता है। ऐसे समय में अंतिम संस्कार की तैयारियां, चार कंधों का इंतजाम, पंडित की व्यवस्था और अस्थि विसर्जन जैसी जिम्मेदारियां भी उसी परिवार के सामने आ खड़ी होती हैं। कभी मोहल्ले और रिश्तेदार मिलकर यह सब संभाल लेते थे, लेकिन बड़े-बड़े शहरों और महानगरों की बदलती जिंदगी में अब अंतिम विदाई के लिए भी लोगों को इंतजार करना पड़ता है। कई बार तो लोगों के पास चार कंधे भी नहीं होते हैं तो कहीं अपनों के पास आखिरी सफर में साथ चलने तक का भी समय नहीं होता है।

इसी कड़वी सच्चाई के बीच भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हॉल नंबर 7A में लगा एक स्टॉल लोगों को हैरान भी कर रहा है और सोचने पर भी मजबूर कर रहा है की आखिर समाज कहां जा रहा है। Moksh Voyage – Complete Funeral & Ritual Support नाम की यह संस्था अंतिम यात्रा से लेकर पिंडदान और अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्था उपलब्ध करा रही है। यानी जिस आखिरी सफर में परिवार को अपनों के सहारे की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उस सफर की जिम्मेदारी अब एक कंपनी अपने हाथों में ले ली है। संस्था के मुताबिक, अब तक वो 300 से अधिक लोग इसके लिए रजिस्ट्रेशन भी करा चुके हैं।

कभी बारात के लिए कम पड़ते थे लोग, अब अंतिम यात्रा में चार कंधे जुटाना चुनौती

इस पहल के पीछे महानगरीय जीवन की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो अंदर तक झकझोर देती है। कभी शादी-ब्याह में बारातियों की भीड़ जुटाना मुश्किल नहीं होता था, लेकिन अब खुशियों के मौके पर भी लोगों के पास समय कम ही होता है। लोग अपने-अपने काम में बिजी होते हैं। वहीं, दुख की घड़ी में अंतिम यात्रा के लिए चार कंधे जुटाना भी परिवारों के सामने चुनौती बनता जा रहा है।

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में Moksh Voyage का स्टॉल इसी बदलते सामाजिक रिश्ते की ओर ध्यान खींच रहा है। Moksh Voyage पर लोग अंतिम संस्कार से जुड़ी सेवाओं की जानकारी लेकर पहले चौंकते हैं, फिर यह जानने की कोशिश करते हैं कि आखिर ऐसी व्यवस्था की जरूरत क्यों पड़ रही है।

अंतिम विदाई के हर पड़ाव पर मदद देगा Moksh Voyage

नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की पहल Moksh Voyage दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कुछ शहरों में सेवाएं दे रही है। कंपनी का कहना है कि उसका मकसद किसी अपने को खो चुके परिवार को अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं के लिए भागदौड़ से बचाना है।

इसके तहत पार्थिव शरीर को घर से श्मशान तक ले जाने के लिए विशेष वाहन, अर्थी और अंतिम संस्कार की सामग्री, लकड़ी, पंडित और यहां तक की धार्मिक अनुष्ठानों की व्यवस्था की जाती है। फूलों की सजावट से लेकर अस्थि संग्रह, विसर्जन के लिए नाव और घाट की व्यवस्था तक सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा है। यानी की परिवार चाहे तो अंतिम संस्कार से जुड़े कई जरूरी इंतजामों की जिम्मेदारी संस्था को सौंप सकता है।

जब अपने ही साथ न हों, तो बुजुर्ग खुद करने लगे अंतिम विदाई की तैयारी

आप जान कर हैरान हो जाएंगे की जिंदगी का एक भावुक पहलू भी है जहां कुछ लोग अपनी जिंदगी रहते हुए ही अपनी अंतिम विदाई के लिए पंजीकरण करा रहे हैं। कंपनी के निदेशक विश्व कंदर्प के अनुसार, कई बुजुर्ग ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके बच्चे उन पर इतना ध्यान नहीं देते हैं। ऐसे में मरने के बाद का सुकून भरा इंतजाम वो खुद ही कर लें।

जरा सोचिए, जिस माता-पिता ने पूरी जिंदगी बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य के लिए लगा दी, वही अपने आखिरी सफर की तैयारी भी खुद कर रहे हैं। यह सिर्फ एक सेवा की जरूरत नहीं, बल्कि बदलते पारिवारिक रिश्तों पर भी एक बड़ा सवाल है।