मामले का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने हथियार तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए सुखराज और उसके साथियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान सुखराज के मोबाइल से इंस्टाग्राम लाइव कॉल और चैट के साक्ष्य मिले। पुलिस का दावा है कि बातचीत में पंजाब के रास्ते हथियारों की आपूर्ति को लेकर भी चर्चा हुई थी। सीमा पार से ड्रोन के जरिये हथियार पहुंचाने की बात सामने आई है। हालांकि, अभी तक हथियारों की ऐसी किसी खेप के पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, सुखराज की बातचीत अजमल गुर्जर से इंस्टाग्राम रील के जरिये शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों इंस्टाग्राम लाइव पर बात करने लगे। धीरे-धीरे बातचीत का दायरा बढ़ा और हथियारों की डील पर चर्चा होने लगी। अजमल गुर्जर को लाहौर निवासी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है। शहजाद भट्टी के संबंध में जांच एजेंसियां पहले से आतंकी और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की पड़ताल करती रही हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि सुखराज को बड़े हथियारों की जरूरत होने पर पंजाब पहुंचने की बात कही गई थी। पुलिस के अनुसार, वहां ड्रोन के जरिये हथियारों की आपूर्ति की योजना पर चर्चा हुई थी। सुखराज ने पूछताछ में फिलहाल पंजाब नहीं जाने की बात कही है। पुलिस को मोबाइल में कुछ चैट और कॉल रिकॉर्डिंग मिली हैं, जबकि कुछ डिजिटल रिकॉर्ड डिलीट किए जाने की आशंका है। इन्हें रिकवर करने के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
इस मामले में सुखराज सिंह, शानू मियां, जीवनदीप सिंह और जसनूर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गुरसेवक सिंह और अनस उर्फ सलमान मौके से भाग निकले थे। दोनों की तलाश की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियारों की सप्लाई किन लोगों तक पहुंची और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
अब एसआईटी खंगालेगी पाकिस्तान से जुड़े तार
हथियार तस्करी के इस मामले में पाकिस्तानी नेटवर्क की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की जाएगी। इसमें साइबर विशेषज्ञों को भी शामिल किया जाएगा। टीम सुखराज के मोबाइल से मिले चैट, इंस्टाग्राम लाइव कॉल की रिकॉर्डिंग और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी। अजमल गुर्जर और शहजाद भट्टी के नेटवर्क से स्थानीय तस्करों के संपर्कों की भी पड़ताल की जाएगी।
बहेड़ी के इशरत पहलवान से भी जुड़ रहे संपर्क
पुलिस की जांच में बहेड़ी के अपराधी इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल में इशरत से बातचीत के कॉल रिकॉर्ड मिले हैं। इशरत को पिछले साल 26 सितंबर की घटना के संबंध में हथियार सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब पुलिस दोनों नेटवर्क के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। एसएसपी ने अवैध असलहा फैक्ट्री का खुलासा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बरेली के युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिशों की भी होगी पड़ताल
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले भी बरेली और आसपास के क्षेत्रों में आतंकी संगठनों से कथित संपर्क के मामलों की जांच कर चुकी हैं। पूर्व में नमाजी, चांद और इरफान बंजारा जैसे नाम अलग-अलग आतंकी मामलों की जांच में सामने आए थे। पंजाब से फरार होकर बरेली में छिपे कंवर रणदीप सिंह के संपर्कों की भी जांच हुई थी। यूपी एटीएस अलकायदा से जुड़े संदिग्ध इनामुल हक के मामले में भी कार्रवाई कर चुकी है। अब सुखराज प्रकरण के बाद एजेंसियों की नजर इस बात पर है कि सोशल मीडिया के जरिये स्थानीय युवाओं तक पहुंच बनाने वाले नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं।
