बहराइच : विशेस्वरगंज में पेड़ काटने को लेकर खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर चले ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे, कई घायल

# ## Gorakhpur Zone

जनपद के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुवर पुरवा मुंडेरवा गांव में रविवार की सुबह पेड़ काटने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली बात पर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ी कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त विवरण के अनुसार, रविवार की सुबह करीब दस बजे प्रथम पक्ष के अखिलेश तिवारी पुत्र देवी प्रसाद, गोलू तिवारी पुत्र मुन्नालाल, अंकित पुत्र मंगल, मंगल पुत्र रामतेज और मुन्नालाल पुत्र उदयराज का दूसरे पक्ष के ननके तिवारी, सुखराम तिवारी और राजकिशोर के बीच खेत या मेड़ पर खड़े बैर के पेड़ को काटने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर ली और दोनों तरफ से लोग लाठी-डंडे लेकर भिड़ गए। संघर्ष के दौरान अंधाधुंध ईंट-पत्थर भी चलाए गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही विशेश्वरगंज थाने की पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशेश्वरगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रथम पक्ष के घायल मुन्ना तिवारी को छोड़कर अन्य सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष से भी घायल हुए लोगों को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से थाने पर तहरीर प्राप्त हो चुकी है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी