नवंबर का दूसरा सप्ताह बीतने के साथ ही देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। कई इलाकों में सुबह हल्के से घने कोहरे की चादर दिखाई दे रही है। वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में भी बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने 15 नवंबर के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों का पूर्वानुमान जारी किया है।
दिल्ली में बारिश और बूंदाबांदी के आसार
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके अलावा 16 से 20 नवंबर तक सुबह के समय मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
यूपी में कहीं बारिश तो कहीं घने कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल सकते हैं। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में 15 और 16 नवंबर को हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।
सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में खासकर हाईवे और खुले इलाकों में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
श्रावस्ती में कोहरे की सफेद चादर, दिन में भी जलानी पड़ीं गाड़ियों की लाइटें
तराई क्षेत्र में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। श्रावस्ती जिले में सुबह से ही घने कोहरे की सफेद चादर छाई रही। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कुछ दूरी पर देख पाना भी मुश्किल हो गया। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और चालकों को दिन में भी हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
भिनगा, इकौना, गिलौला और मल्हीपुर समेत प्रमुख मार्गों पर सुबह यातायात प्रभावित रहा। कामकाज के लिए घरों से निकले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गुलाबी ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। कई जगहों पर लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
