बाराबंकी में हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से राष्ट्रीय विद्यालय के चौकीदार की मौत हो गई। हादसा विद्यालय के गेट के सामने हुआ। गंभीर रूप से घायल चौकीदार को स्थानीय लोग सीएचसी हैदरगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 46 वर्षीय शिवकुमार कश्यप पुत्र रामदीन निवासी कनवा, हैदरगढ़ के रूप में हुई है। वह हैदरगढ़ स्थित राष्ट्रीय विद्यालय में चौकीदार के पद पर तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब पांच बजे शिवकुमार अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद विद्यालय से घर लौटने की तैयारी में थे। इसी दौरान विद्यालय के गेट के सामने लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।चौकीदार की मौत की खबर से विद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे में चौकीदार की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
