38 IAS अधिकारियों के तबादले: अनुज सिंह बने एलडीए वीसी, प्रथमेश कुमार को सीतापुर की कमान

# ## Lucknow

उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए एक साथ 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस बड़े तबादले में कई जिलों के जिलाधिकारी (डीएम), नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), विशेष सचिव और प्रमुख विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों व अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (एसीईओ) को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रमुख जिलों के जिलाधिकारी और एलडीए वीसी बदले गए

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। अब तक एलडीए उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) का निदेशक बनाया गया है।इसके अतिरिक्त, महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर का डीएम और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर भेजा गया है, वहीं ग्रेटर नोएडा के एसीईओ सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव रहे जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।

वाराणसी व गाजियाबाद के नगर आयुक्त समेत कई सीडीओ का स्थानांतरण

नगर निगमों और जिलों के विकास कार्यों को गति देने के लिए कई नगर आयुक्तों और मुख्य विकास अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है, जबकि गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी वाराणसी के नए नगर आयुक्त होंगे। विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

इसी क्रम में अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है और वहाँ तैनात राजेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। फतेहपुर के सीडीओ पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि पूनम निगम को फतेहपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रावस्ती के सीडीओ शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है और शिशिर कुमार सिंह श्रावस्ती के नए मुख्य विकास अधिकारी होंगे। अलीगढ़ के सीडीओ योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का सीडीओ बनाया गया है।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण में भी बड़ा फेरबदल

प्रदेश के औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में भी बड़े स्तर पर अधिकारियों की अदला-बदली की गई है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा और फिरोजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन (शोहन) वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।

मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल और प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में एसीईओ की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी का भी तबादला किया गया है और बरेली के अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा का एसीईओ बनाया गया है। यमुना प्राधिकरण से शैलेन्द्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का सीडीओ बनाया गया है। इसके साथ ही डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक, बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त, अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त, मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त तथा प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।