अरविंद केजरीवाल को मिली जान से मारने की धमकी : लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मांगे 7 करोड़, तिलक नगर के विधायक को आया मैसेज

# ## National

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बता दें कि धमकी में 7 करोड़ की फिरौती भी मांगी गई है। तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज मिले। इसके बाद  6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी (SSP) के पास शिकायत दर्ज कराई। बीते दिनों केजरीवाल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर केंद्र सरकार पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सवाल उठाए थे, लेकिन उन्हें खुद धमकी मिलने की पुष्टि नहीं है।

WhatsApp पर मांगी फिरौती

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फोन कॉल के साथ वॉट्सऐप पर लिखित संदेश भेजकर भी रंगदारी की मांग दोहराई। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए धमकी दी कि रकम नहीं मिलने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दिया जाएगा।तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उन्हें माध्यम बनाकर अरविंद केजरीवाल तक फिरौती और जान से मारने की धमकी पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।