दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को मीडिया से देश की ”सफलता की कहानियों” को सामने लाने के लिए कार्य करने की अपील की और कहा कि इस दिशा में पहले से ही काफी काम हो रहा है। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पत्रकारों के लिए आयोजित ‘दिवाली मिलन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया और विश्वास जताया कि भारत निश्चित रूप से एक विकसित राष्ट्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली सरकार देश से गरीबी हटाने में सफल रही है और 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने कहा, ”पहले ‘गरीबी हटाओ’ के नारे लगते थे लेकिन इस सरकार ने वास्तव में गरीबी को दूर करने का काम किया है। विश्व बैंक के अनुसार पिछले 12 वर्षो में 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया गया है।”
कुर्सियां लगाने से इंस्टाग्राम रील्स तक का सफर
मोदी ने बताया कि मीडिया के साथ उनका पुराना रिश्ता रहा है। ”यह उन दिनों से है जब मैं ऐसे कार्यक्रमों में कुर्सियां लगाया करता था।” उन्होंने कहा, ”मैंने मीडिया के साथ बातचीत की है और प्रेस विज्ञप्ति के दौर से लेकर ‘इंस्टाग्राम रील्स’ तक, इसमें हुए बदलावों को करीब से देखा है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि खबरों की दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है; संकट और आपदा के समय भी संवाददाता हर जगह पहुंच जाते हैं।
नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की भी अपील
प्रधानमंत्री ने मीडिया से नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चल रही लड़ाई में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मीडिया अपनी पहुंच और प्रभाव के जरिए समाज में जागरूकता फैलाने में अहम योगदान दे सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ”मैं भारतीय मीडिया से अनुरोध करता हूं कि वह देश की सफलता की कहानियों को समाने लाने के लिए कार्य करे… इस दिशा में पहले से ही काफी काम हो रहा है। सरकार का विश्वास है कि विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति के दम पर भारत निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को हासिल करेगा।
