जिला कारागार में भाई दूज के अवसर पर बंदियों से उनके परिजनों की मुलाकात के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। जेल प्रशासन की ओर से कारागार परिसर में हेल्प डेस्क बनाई गई थी। बहनों को तिलक और आरती के लिए रोली, दीपक समेत अन्य पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। परिजनों के बैठने के लिए टेंट लगाकर कारपेट बिछाए गए, ताकि मुलाकात के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
जिला जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला ने बताया कि बुधवार को 272 पुरुष बंदियों से कुल 535 परिजनों ने मुलाकात की। इनमें 240 बच्चे भी शामिल रहे। इसके अलावा छह महिला बंदियों से उनके भाइयों और अन्य परिजनों ने मुलाकात की। इस दौरान बहनों ने भाइयों का तिलक कर उनकी खुशहाली और लंबी उम्र की कामना की।उधर, सेंट्रल जेल में भी भाई दूज पर बहनें अपने परिवार के साथ बंद भाइयों से मिलने पहुंचीं। जेल परिसर में बहनों ने तिलक लगाकर त्योहार की रस्म निभाई। इस दौरान जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला, जेलर आनंद सिंह, जेलर सुशील कुमार वर्मा, उप जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह, देवदत्त, रामगोपाल सिंह समेत जेल वार्डर और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
