बहराइच : भाई दूज के बाद मायके से लौटने की बात पर विवाद, पति ने पत्नी का गला रेता

# ## Gorakhpur Zone

 जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में भाई दूज की पूजा के बाद मायके से लौटने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पति ने चाकू से हमला कर पत्नी का गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने देर शाम करीब छह बजे उसे लखनऊ रेफर कर दिया। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी पति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

नानपारा के रजवापुर इमलिया गांव निवासी मुंशीलाल अपनी पत्नी गुड़िया (26) के साथ क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। दीपावली पर दोनों नवाबगंज के धनकुट्टी गांव स्थित गुड़िया के मायके आए थे। दीपावली के बाद मुंशीलाल ने पत्नी से घर चलने को कहा, लेकिन गुड़िया ने भाई दूज की पूजा और परंपरा निभाने के बाद जाने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बाद में पति मान तो गया, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ।

गुड़िया के पिता रामनरेश के मुताबिक, बुधवार दोपहर गांव के एक घर में सत्यनारायण कथा का आयोजन था। परिवार के लोग कथा में शामिल होने गए थे। कथा समाप्त होने के बाद गुड़िया प्रसाद लेने के लिए घर से निकली। इसी दौरान पीछे से पहुंचे मुंशीलाल ने घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर उसके बाल पकड़ लिए और चाकू से गले पर वार कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ी थी। लोगों ने भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि घायल महिला को सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।