मेरठ में बृहस्पतिवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इसके बाद पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई और भागने की कोशिश की। हालांकि, करीब 100 मीटर आगे उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ में घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग
ब्रह्मपुरी के पुलिस क्षेत्राधिकारी रामप्रकाश ने बताया कि स्वाट टीम नगर और ब्रह्मपुरी थाना पुलिस माधवपुरम के सेक्टर-दो और सेक्टर-चार की पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-चार की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार ने रुकने के बजाय पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी और कब्रिस्तान की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो करीब 100 मीटर आगे उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की बाइक, तमंचा और नकदी बरामद
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान ब्रह्मपुरी के तारापुरी निवासी आसिफ (25) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और 6,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर में चोरी के मामले में था वांछित
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आसिफ 26 सितंबर को माधवपुरम निवासी दीपक कुमार के घर हुई चोरी के मामले में वांछित था। आरोप है कि उसने घर से सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। इस मामले में उसकी तलाश की जा रही थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
