छठ पूजा पर सीताकुंड घाट में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी तेज कर दी है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें, इसके लिए बुधवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के साथ सीताकुंड घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने घाट पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा।
भीड़ के बीच मुस्तैद रहेगी पुलिस, हर गतिविधि पर नजर
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान पुलिसकर्मी लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखें। घाट और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ को नियंत्रित करने के साथ आवागमन सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करने को भी कहा, ताकि पूजा के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
समय से पूरी हों सभी तैयारियां
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूजा शुरू होने से पहले सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। निरीक्षण के दौरान कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
