कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा: कार-ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 6 की मौत; 17 साल का किशोर गंभीर, हादसे पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान

# ## Varanasi Zone

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे पर सीएम योगी ने संज्ञान लिया हैं।

जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले लोग कार से देवराज पिपरा में एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। रविवार देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी कार की भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

छह लोगों की मौत, आर्यन गंभीर

हादसे में छह लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद (40), उनके पिता रामबेलास (65), राममिलन (35), आयुष (12), मृदुल मिश्रा (37) और रंजय गुप्ता (35) के रूप में हुई है।

वहीं, राममिलन का 17 वर्षीय बेटा आर्यन हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घायल किशोर को अस्पताल भेजा गया, जबकि छह मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी भी जांच की जा रही है।