Raebareli News: किराना दुकान में छिपाकर रखा था बारूद, पुलिस के छापे से मची खलबली

# ## Lucknow

ऊंचाहार, रायबरेली। दीपावली पर पटाखों की बिक्री की तैयारी के नाम पर किराने की दुकान में विस्फोटक सामग्री जमा की जा रही थी। रविवार रात पुलिस ने बस स्टेशन स्थित एक दुकान पर छापा मारकर करीब 110 किलोग्राम बारूद बरामद किया। पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, नगर के भीड़भाड़ वाले बस स्टेशन पर विजय कुमार गुप्ता की किराने की दुकान है। दुकान के भीतर चोरी-छिपे बारूद रखने की सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक मनीष कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान से छह बोरियों और पॉलीथिन बैग में रखा करीब 110 किलोग्राम विस्फोटक बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि यह सामग्री पटाखों की शक्ल में थी।

पूछताछ में दुकानदार ने पुलिस को बताया कि उसने दीपावली पर पटाखे बेचने के इरादे से बारूद जमा किया था। हालांकि, भीड़भाड़ वाले बस स्टेशन के पास दुकान में इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखे जाने से इलाके में हलचल मच गई। आशंका जताई जा रही है कि यदि यहां विस्फोट होता तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था और लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।

कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि किराने की दुकान से विस्फोटक सामग्री बरामद कर दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।