काठमांडू। पश्चिमी नेपाल में बुधवार रात धरती कांपने से लोगों में हलचल मच गई। 4.1 तीव्रता के भूकंप के झटके सुदूरपश्चिम प्रांत के कई इलाकों में महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप बुधवार रात स्थानीय समयानुसार 9 बजकर 37 मिनट पर आया। इसका केंद्र सुदूरपश्चिम प्रांत के बाजुरा जिले की बुधिगंगा नगरपालिका-10 में था, जो काठमांडू से करीब 750 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
आसपास के जिलों में भी महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके बाजुरा के अलावा पड़ोसी बाजहांग, कालिकोट और अछाम जिलों में भी महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से कई इलाकों में लोग सतर्क हो गए। हालांकि, अधिकारियों ने अब तक किसी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी है। फिलहाल अभी तक भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है नेपाल
नेपाल में हर साल कई बार भूकंप आते हैं। हिमालयी देश नेपाल सबसे सक्रिय टेक्टोनिक क्षेत्रों (भूकंपीय क्षेत्र चार और पांच) में से एक में स्थित है, जिसके कारण यहां भूकंप का खतरा बहुत अधिक रहता है। हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण नेपाल भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह इलाका सक्रिय टेक्टोनिक प्लेटों के प्रभाव वाले क्षेत्र में आता है, जिसके चलते यहां अक्सर भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जाती हैं। ऐसे में 4.1 तीव्रता के इस भूकंप के बाद भी संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
