शाहजहांपुर में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा, जबकि बाइक कार में ही फंस गई। कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब एक किलोमीटर तक बाइक को घसीटता ले गया। हादसे के बाद राहगीरों ने उसका पीछा किया। खन्नौत नदी के पास उसे पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। राहगीरों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सिंधौली के रखिया बुजुर्ग गांव के रहने वाले सुमित किराना व्यापारी हैं। मंगलवार को वह अपनी बाइक से सामान लेने शाहजहांपुर जा रहे थे। इसी दौरान स्टेट बैंक के पास हादसा हो गया। पुवायां की ओर से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। घायल सुमित उछलकर दूर जा गिरे।
राहगीरों ने सुमित को उठाया। लेकिन उनकी गाड़ी कार में ही फंसी रही। टक्कर मारने वाली कार स्कॉर्पियो बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद कार चालक ने गाड़ी शाहजहांपुर की ओर मोड़ दी और बाइक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया। राहगीरों ने उसका पीछा करके खन्नौत नदी के पास पकड़ लिया।
पुलिस वालों ने भी किया पीछा
बाइक फंसाकर दौड़ती कार देखकर थाने के गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी उसके पीछे बाइक लगा दी। राहगीर कार ने कार चालक को पकड़कर खींच लिया। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एक्सीडेंट करने वाला कार चालक किसी बैंक का कर्मचारी बताया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह के मुताबिक मामले में तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
