Bareilly News : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकयत पर जेल भेजी गईं कल्पना मिश्रा की जमानत मंजूर

# ## Bareilly Zone

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के घर कथित रूप से चोरी और उनके पति गिरधारी लाल साहू का नाम अपने दस्तावेजों में इस्तेमाल करने के मामले में जेल गईं कल्पना मिश्रा को जमानत मिल गई। कल्पना मिश्रा को इसी साल 14 जुलाई को जेल भेजा गया था। बरेली के अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट-8 (एडीजे) अशोक कुमार यादव ने कल्पना मिश्रा की सर्शत जमानत मंजूर कर ली।

प्रकरण सितंबर 2024 का है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी बरेली के निवासी हैं। बरेली में उनका घर है। कैबिनेट मंत्री ने 9 सितंबर 2024 को बारादरी थाने में एक शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कल्पना मिश्रा पर आरोप लगाया कि उनके बरेली स्थित आवास से 7 लाख रुपये और सोने से जड़ी रुद्राक्ष की माला चोरी की है। इसके अलावा अपने आधार कार्ड और पासपोर्ट पर उनके पति गिरधारी लाल साहू का नाम-पता दर्ज किया है।

इस हाईप्रोफाइल प्रकरण में तत्कालीन एडीजी डॉ. राकेश सिंह के आदेश पर कल्पना मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में इसमें एफआर लगा दी गई थीं। इस बीच यह केस फिर खुला और विवेचना के बाद कल्पना मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

आगरा की रहने वाली कल्पना 

कल्पना मिश्रा मूलरूप से आगरा की रहने वाली हैं। उनके वकील लवलेश पाठक ने कोर्ट में बताया कि मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू ने कल्पना मिश्रा को जॉब पर रखा था। वह मैनेजर थीं। 25 हजार रुपये मासिक वेतन था। वकील ने वो अनुबंध पत्र भी कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया।

पति-पते का किया इस्तेमाल 

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में दावा किया था कि कल्पना मिश्रा ने अपने दस्तावेजों में उनके पति गिरधारी लाल साहू का नाम और पता इस्तेमाल किया था। कल्पना की जमानत का विरोध करते हुए अभियोजन पक्ष ने कोर्ट में कथित लेनदने से जुड़े ऐसे तीन दस्तावेजों का जिक्र किया।