Gomti Book Festival-2026 : CM योगी ने किया लखनऊ पुस्तक मेले का शुभारंभ, 22 भाषाओं की किताबों और 100 पुस्तकों का लोकार्पण

# ## Lucknow

 राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के 5वा गोमती पुस्तक महोत्सव 12 सितंबर से लखनऊ विश्वविद्यालय में शुरू हो चुका है। 20 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्घाटन शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। पुस्तक महोत्सव में 22 भाषाओं में पुस्तकें मिलेंगी और 100 से अधिक पुस्तकों का शुभारंभ भी किया।

उद्घाटन समारोह में लविवि के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास- इंडिया के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के निदेशक युवराज मलिक भी मौजूद।

आसपास के जिलों से आएंगे विद्यार्थी

लखनऊ के आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पुस्तक महोत्सव में शामिल होंगे। यहां पाठकों को ई-लर्निंग की सुविधा भी मिलेगी। पिछले पुस्तक मेले में करीब 3.5 लाख लोग पहुंचे थे। इस बार आयोजकों को 5 लाख से अधिक पाठकों के आने की उम्मीद है। आयोजन समिति के वरिष्ठ संयोजक चंद्र प्रकाश ने बताया कि बच्चों के लिए विशेष बाल मंडप तैयार किया गया है, जहां उनकी उम्र के अनुसार कई रोचक गतिविधियां आयोजित होंगी।

बच्चों के लिए खास कार्यक्रम

बाल मंडप में बच्चों के लिए कठपुतली नाटक, कमिशिबाई और स्टोरी टेलिंग के जरिए कहानी सुनाने के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा वैदिक गणित, माइंडफुलनेस, क्ले आर्ट, पोस्टर मेकिंग, सुलेख और कैरिकेचर जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी। बच्चों के लिए कविता-पाठ, मंडला कला और रचनात्मक लेखन की कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना है।

हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम

पुस्तक महोत्सव में हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें पारस बैंड की प्रस्तुति, कथक नृत्य और सुगम संगीत की शाम प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा बिरजू महाराज कथक संस्थान की ओर से ‘रघुवंशम्’ कथक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। शंभू शिखर और अन्य शायरों के साथ मुशायरा, लोक प्रस्तुतियां और भारतेन्दु नाट्य अकादमी की नाट्य प्रस्तुति भी होगी। महान गायिका बेगम अख्तर को समर्पित विशेष दास्तानगोई सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

कई नामचीन हस्तियां होंगी शामिल

लविवि की प्रो. रोली मिश्रा के अनुसार, गोमती पुस्तक महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां हिस्सा लेंगी। इनमें दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, लेखक शांतनु गुप्ता और पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह शामिल हैं।