आखिर कब तक सहेंगे? …. दिल्ली बस दुष्कर्म कांड पर बॉलीवुड अभिनेत्री का फूटा गुस्सा

# ## Fashion/ Entertainment

दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में स्लीपर बस के अंदर नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर अब बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने घटना को ”शर्मनाक” बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि कई किलोमीटर की यात्रा के दौरान बस किसी भी चेकपॉइंट पर क्यों नहीं रोकी गई।

सोशल मीडिया पर जाहिर किया गुस्सा

अभिनेत्री ने सोमवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस घटना के बारे में एक पोस्ट साझा किया और लिखा, ”हम इस तरह की घटनाओं को बार-बार होते हुए कैसे देख सकते हैं। शर्मनाक।” दिल्ली में एक चलती बस में 16 साल की लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

43 किलोमीटर तक चलती रही बस

बस करीब 43 किलोमीटर तक चलती रही और फिर लड़की को कथित तौर पर बीच रास्ते में छोड़ दिया गया। पीड़िता चार अगस्त की रात ग्रेटर नोएडा के परी चौक से बस में इस उम्मीद में चढ़ी थी कि उसे नोएडा सेक्टर-63 में उतार दिया जाएगा, लेकिन चलती बस में वाहन के चालक और कंडक्टर ने उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

बाद में उसे उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया गया। दिल्ली पुलिस द्वारा कश्मीरी गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के कुछ ही घंटों बाद कानपुर के रहने वाले दो आरोपियों बस चालक कुलदीप (39) और कंडक्टर संदीप (26) को तिमारपुर के एक पार्किंग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।