शार्दुल ठाकुर की जगह अब ये खिलाड़ी संभालेगा मुंबई के रणजी की कप्तानी, 774 रन का शानदार रिकॉर्ड आया काम

# ## Game

मुंबई: अनुभवी मिड ऑर्डर बल्लेबाज सिद्धेश लाड को आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के लिए मुंबई क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। अब लाड… शार्दुल ठाकुर की जगह टीम की कमान संभालेंगे। ठाकुर को कार्यभार प्रबंधन यानी वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत कप्तानी से हटाया गया है।

शार्दुल ठाकुर ने 2025-26 रणजी सत्र में अजिंक्य रहाणे की जगह मुंबई की कप्तानी संभाली थी। हालांकि, 42 बार की रणजी ट्रॉफी विजेता मुंबई की टीम उस सत्र में क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी।

11 अक्टूबर से शुरू होगा रणजी सत्र

आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी। मुंबई अपने अभियान का आगाज चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले से करेगी। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के एक टॉप अधिकारी ने सिद्धेश लाड को कप्तान बनाए जाने की पुष्टि की है।

पिछले सत्र में लाड ने जमकर बनाए रन

34 वर्षीय सिद्धेश लाड के पिछले रणजी सत्र के प्रदर्शन ने कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने आठ मैचों में 77.40 की औसत से 774 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से पांच शतक और एक अर्धशतक निकला था।

मुंबई छोड़कर गोवा गए थे लाड

सिद्धेश लाड कुछ समय के लिए मुंबई की टीम छोड़कर गोवा चले गए थे। इसके बाद एक साल की ‘कूल ऑफ’ अवधि पूरी करने के बाद उन्होंने 2024-25 सत्र में मुंबई टीम में वापसी की। वापसी के बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन से टीम में अहम स्थान बनाया और अब उन्हें रणजी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुंबई की नजर अब नए रणजी सत्र में मजबूत वापसी पर होगी और टीम की कमान संभालने वाले सिद्धेश लाड के प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें रहेंगी।