Bareilly News : दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से ऐंठे 2 लाख, और रकम मांगने पर आरोपी युवती गिरफ्तार

# ## Bareilly Zone

रकम मिलने के बाद डिमांड बढ़ती गई। दुष्कर्म के मामले में फंसाने का डर दिखाकर युवक से दो लाख रुपये ले लिए। इसके बाद और पैसे मांगे। युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार चल रही युवती को प्रेमनगर पुलिस ने सोमवार को सेटेलाइट बस स्टैंड के पास गिरफ्तार कर लिया।

प्रेमनगर पुलिस के मुताबिक बारादरी के रहने वाले अभिषेक ने 24 जुलाई को थाने में तहरीर दी थी कि प्रेमनगर की रहने वाली अमृता कौर ने उसे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी, जेल भिजवाने और बदनामी का डर दिखाकर उससे दो लाख रुपये ले लिए। रुपये देने के बाद और रकम की मांग करने लगी। पुलिस ने आरोपी युवती के बारे में जानकारी जुटाई। सोमवार को उसे सेटेलाइट बस स्टैंड के पास गिरफ्तार कर लिया।

सोशल मीडिया पर दिखाती थी लग्जरी लाइफ
अमृता कौर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर हवाई जहाज से सफर और लग्जरी कारों के साथ तस्वीरें पोस्ट किए जाने की बात भी सामने आई है। इसी वजह से पुलिस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अब चर्चा में है। अमृता ने पुलिस को बताया कि उसने लालच में आकर युवक को ब्लैकमेल किया था, उससे गलती हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ प्रेमनगर थाने में वर्ष 2025 में भी एक मुकदमा दर्ज है।