- कौशल यादव (संवाददाता सीतापुर)
- गृह मंत्रालय ने उत्कृष्ट विवेचना के लिए किया सम्मानित, एसपी अंकुर अग्रवाल ने पहनाया पदक
सीतापुर। महमूदाबाद के क्षेत्राधिकारी (सीओ) वेद प्रकाश श्रीवास्तव को उत्कृष्ट विवेचना, वैज्ञानिक अनुसंधान और पेशेवर कार्यशैली के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट विवेचना पदक से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें एक जटिल आपराधिक मामले का वैज्ञानिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर सफल अनावरण करने के लिए प्रदान किया गया।
- वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सुलझाया था चुनौतीपूर्ण मामला
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने एक सादे समारोह में सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे सीतापुर पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है तथा इससे अन्य पुलिस अधिकारियों को भी बेहतर विवेचना के लिए प्रेरणा मिलेगी।
- महिला मुख्य आरक्षी पर हमले के मामले का किया था खुलासा
यह सम्मान वर्ष 2023 में सावन मेले के दौरान हुई उस चर्चित घटना की विवेचना के लिए मिला है, जिसमें अयोध्या जा रही एक महिला मुख्य आरक्षी पर ट्रेन में जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। हमलावर उन्हें मृत समझकर सामान लूटकर फरार हो गए थे। तत्कालीन एसटीएफ निरीक्षक के रूप में तैनात वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने कम समय में वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए मामले का सफल खुलासा किया था।
- पुलिस विभाग और शुभचिंतकों में खुशी की लहर
राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खुशी का माहौल बन गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों ने सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव को बधाई देते हुए इसे उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट विवेचना क्षमता और अपराध नियंत्रण के प्रति समर्पण का सम्मान बताया। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर उत्कृष्ट सेवाओं की कामना की।
