योगी सरकार का अन्नदाताओं को तोहफा, दशहरे पर खेती की मशीनरी पर मिलेगी बंपर सब्सिडी

# ## UP

दशहरा पर योगी सरकार प्रदेश के अन्नदाता किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान का तोहफा देने जा रही है। किसान विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र पाने के लिए 7 से 20 अक्टूबर तक कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग की ओर से नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन में 2166 कृषि यंत्र, जबकि फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 1755 कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा।

संयुक्त कृषि निदेशक (अभियंत्रण) बलराम वर्मा के अनुसार इसके अलावा अन्य योजनाओं के तहत कृषि यंत्र और कृषि रक्षा उपकरणों पर भी अनुदान का लाभ किसानों को मिलेगा। किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए 10-10 लाख रुपये, जबकि फसल अवशेष प्रबंधन के तहत एकल कृषि यंत्र और कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 30 लाख रुपये तक के प्रावधान का लाभ मिलेगा।

ड्रोन से लेकर मक्का और मिलेट उपकरण तक

किसानों को किसान ड्रोन और अन्य एकल कृषि यंत्रों पर भी अनुदान दिया जाएगा। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मेज सेलर, मिलेट पर्लर तथा कीट रोग नियंत्रण योजना के तहत कृषि रक्षा यंत्रों के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा। सीडीपी योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान का प्रावधान है।

वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी

किसान कृषि विभाग की वेबसाइट पर किसान कॉर्नर के अंतर्गत ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यहां यंत्रों की बुकिंग, जनपदवार आवेदन, अनुदान प्रक्रिया और संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी भी उपलब्ध होगी। निर्धारित अवधि में आवेदन करने वाले किसानों को योजना के नियमों के अनुसार अनुदान का लाभ दिया जाएगा।