कई दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद बुधवार सुबह खूनी वारदात में बदल गया। शौच से लौट रही पत्नी को रास्ते में रोककर पति ने कहासुनी के बाद लाठी से जमकर पीटा। गंभीर चोट लगने से महिला जमीन पर गिर पड़ी। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
घटना बछरावां थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में बुधवार सुबह करीब सात बजे की है। विद्यावती करीब पांच वर्ष से पति रामनाथ से अलग रह रही थी। विद्यावती अपने घर में रहती थी, जबकि रामनाथ गांव के पास बाग में घास-फूस की झोपड़ी बनाकर रहता था
बुधवार सुबह विद्यावती शौच के लिए गई थी। लौटते समय रास्ते में रामनाथ ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर रामनाथ ने लाठी से विद्यावती पर हमला कर दिया। लाठी के प्रहार से गंभीर रूप से घायल विद्यावती जमीन पर गिर पड़ी।
महिला को खून से लथपथ पड़ा देखकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति रामनाथ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
12 घंटे में दूसरी हत्या से दहला क्षेत्र
बछरावां थाना क्षेत्र में 12 घंटे के भीतर हत्या की यह दूसरी वारदात सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हुई हत्याओं ने पुलिस की सक्रियता और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह-सुबह हुई वारदात की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
।
