प्रेमानंद महाराज और विराट कोहली को लेकर बड़ा दावा, जानें क्या है 5 करोड़ का खेल

# ## Agra Zone

नई दिल्ली। प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोदी की मौत के बाद से केलीकुंज आश्रम चर्चा में है। इसी बीच श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज के एक दावे को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी व अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के प्रेमानंद महाराज से मिलने को लेकर दावा किया था कि विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये देकर बुलाया गया था।

अब विराट कोहली की टीम की ओर से इन दावों पर आधिकारिक सफाई सामने आई है। विराट कोहली के प्रवक्ता ने फलाहारी महाराज के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें झूठा, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है।

विराट की टीम ने क्या कहा?

विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण उनसे मिलने जाते हैं। प्रवक्ता ने कहा कि विराट को लेकर किए गए पांच करोड़ रुपये वाले दावे में कोई सच्चाई नहीं है।

प्रवक्ता ने मीडिया से भी अपील की कि इस तरह के दावों को रिपोर्ट करने या आगे बढ़ाने से पहले उनकी सावधानी से जांच की जाए और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग की जाए।

क्या दावा किया था फलाहारी महाराज ने?

फलाहारी महाराज ने विराट कोहली को लेकर दावा किया था कि राजस्थान की एक कंपनी प्रेमानंद महाराज के दर्शन कराने के लिए विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये में लेकर आई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कंपनी से जुड़े कुछ लोग संत बनकर आश्रम में प्रवेश कर गए हैं और वहां प्रॉपर्टी से जुड़े काम कर रहे हैं।

इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और विराट कोहली की टीम ने इन्हें स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है।