CISCE क्षेत्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में ला मार्टिनियर कॉलेज का शानदार प्रदर्शन

Lucknow
  • 8 पदक जीतकर बना चैंपियन स्कूल, सभी पदक विजेताओं ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

गोरखपुर के सेंट जूड्स स्कूल में आयोजित CISCE क्षेत्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (लड़के) 2026 में ला मार्टिनियर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक आठ पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ कॉलेज ने चैंपियन स्कूल ट्रॉफी जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया। विद्यालय के सभी पदक विजेताओं ने CISCE राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

  • विभिन्न आयु वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की झड़ी

अंडर-19 एयर राइफल (पीप साइट) वर्ग में यशवर्धन दीक्षित ने स्वर्ण, राजवीर सिंह कक्कड़ ने रजत और विनायक वर्मा ने कांस्य पदक जीता। अंडर-17 एयर राइफल (पीप साइट) में ओजस्या अग्रवाल ने स्वर्ण तथा रेयांश मेहरोत्रा ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-14 एयर राइफल (ओपन साइट) में गौरव राजप्रियम ने रजत और निखिल यादव ने कांस्य पदक जीता, जबकि अंडर-14 पीप साइट राइफल वर्ग में आरुष सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

  • राष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे निशानेबाज

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी पदक विजेता अब CISCE राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में ला मार्टिनियर कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और पूरे दल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय ने कहा कि चैंपियन स्कूल ट्रॉफी और सर्वाधिक पदक जीतना संस्थान की खेल उत्कृष्टता, अनुशासित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।