गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) अतिथि गृह में मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले की जांच और विवेचना में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अभियोजन पक्ष को मजबूत बनाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
₹5 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पीड़ित परिवार को तत्काल 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड और अन्य सभी पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
