राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी की वॉलीबॉल प्रतियोगिता, खेलों के जरिए युवाओं को मिला नेतृत्व का संदेश

Lucknow
लखनऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के लखनऊ महानगर द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर आयोजित विद्यार्थी सप्ताह के अंतर्गत ‘खेलो भारत’ अभियान के तहत भव्य वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल प्रतिभा और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
  • खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास पर जोर

मुख्य अतिथि अर्पिता मलिक खेलो भारत की राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

  • युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला

घनश्याम शाही क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों का संतुलन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। खेल युवाओं में आत्मविश्वास, संघर्ष की भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित करते हैं।

  • बेटियों की भागीदारी बढ़ना सकारात्मक बदलाव

बबिता सिंह चौहान उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने छात्राओं की बढ़ती खेल भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। समाज को उन्हें समान अवसर और प्रोत्साहन देना चाहिए।

  • विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभियान

अभिलाष मिश्रा प्रांत संगठन मंत्री  ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिक्षा, सेवा, संस्कार और खेल के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं अभिनव सिंह खालसा  प्रांत खेलो भारत संयोजक ने बताया कि ‘खेलो भारत’ अभियान का उद्देश्य युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देकर स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण करना है।

  • प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।