- डॉ. राजेश्वर सिंह पर विवादित टिप्पणी के खिलाफ हजारों लोगों का प्रदर्शन, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के विरुद्ध सोशल मीडिया पर प्रकाशित कथित अभद्र, अश्लील और जातिसूचक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को पासी समाज के हजारों लोग थाना सरोजनीनगर पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इस प्रकरण में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए थानाध्यक्ष को तहरीर सौंपी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- नेताओं ने विधायक के कार्यों का किया उल्लेख
पूर्व जिला पंचायत सदस्य सतगुरु शरण रावत ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृंदावन चौराहे पर महारानी उदा देवी पासी की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई तथा बिजली पासी किला में पुस्तकालय की स्थापना के लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध कराए। पार्षद राम नरेश रावत ने कहा कि विधायक ने समाज के सैकड़ों बच्चों को साइकिल, लैपटॉप और टैबलेट उपलब्ध कराए हैं तथा उनकी योजनाओं में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। पार्षद द्रौपदी मनोज रावत ने कहा कि विधायक प्रतिदिन हजारों लोगों के भोजन की व्यवस्था कराते हैं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक सिलाई केंद्र स्थापित कराए हैं।
- दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि के विरुद्ध अपमानजनक और जातीय विद्वेष फैलाने वाली टिप्पणी सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती है, इसलिए दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में सतगुरु शरण रावत, द्रौपदी मनोज रावत, राम नरेश रावत, दिलीप रावत, बद्री प्रसाद रावत, किशन चंद्र रावत, सरवन रावत, पूर्व पार्षद शारदा नगर द्वितीय राम नरेश रावत, बबलू रावत सहित पासी समाज के बड़ी संख्या में लोग और महिलाएं उपस्थित रहीं।
