कानपुर में एक रिटायर्ड IAS अधिकारी के बेटे को एक विधवा पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. महिला ने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिसके बाद कथित तौर पर ईंट से हमला किया गया. पीड़ित महिला IIT कानपुर में कार्यरत है और उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. उसका लाला लाजपत राय हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है.
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई जब आरोपी देवाशीष निगम, स्वरूप नगर के राज टावर निवासी, ने कथित तौर पर महिला को IIT-K कैंपस के पास से अपनी कार में बिठाया और बिठूर में ब्रह्म घाट की ओर ले गया. ड्राइव के दौरान, निगम ने कथित तौर पर उस पर शादी करने का दबाव डाला. मना करने पर रास्ते में हुई बहस ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया.
सिर, चेहरे और शरीर पर ईंट से कई वार
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सफर के दौरान देवाशीष ने महिला पर शादी करने का दबाव बनाया. महिला ने साफ शब्दों में शादी से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मॉडल डेयरी के पास रेलवे ट्रैक की सर्विस लेन पर कार रोक दी.
आरोप है कि कार रुकते ही देवाशीष ने महिला को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए. महिला ने खुद को बचाने की कोशिश में कार का दरवाजा बंद कर लिया. इससे गुस्साए आरोपी ने सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाई और कार का शीशा तोड़ दिया. इसके बाद उसने महिला को जबरन कार से बाहर खींच लिया और सिर, चेहरे और शरीर पर ईंट से लगातार कई वार किए.
महिला की चीख-पुकार पर लोगों ने दबोचा
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला को पहले रामा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
महिला की बहन ने आरोप लगाया कि निगम लंबे समय से उसकी बहन पर शादी करने के लिए दबाव डाल रहा था और पहले भी उसे धमका चुका था. उसने आगे आरोप लगाया, ‘वह दावा करता था कि कोई उसे छू नहीं सकता क्योंकि उसकी मां एक रिटायर्ड IAS ऑफिसर हैं.’ पुलिस ने आरोपी की पहचान स्वरूप नगर के राज टावर के रहने वाले के तौर पर की है.
आरोपी का 2014 में हुई थी शादी, एक बेटी भी
अधिकारियों ने कहा कि उसकी मां, चंद्रा निगम, एक रिटायर्ड IAS ऑफिसर हैं. निगम ने 2014 में शादी की थी और उसकी एक बेटी है, लेकिन कथित तौर पर वह पिछले छह महीनों से अपनी पत्नी से अलग रह रहा है. जबकि पीड़ित विधवा है और एक टीनएज बेटी की मां है. आरोपी युवक पर हत्या की कोशिश और जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाने में केस दर्ज हुआ है.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
