पूर्वांचल की राजनीति में बड़ा धमाका! बृजेश सिंह ने खुद यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. जानिए कैसे पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह के सीधे मैदान में उतरने से मुख्तार अंसारी के परिवार और सपा-कांग्रेस के ‘पीडीए’ समीकरण की टेंशन बढ़ गई है.उत्तर प्रदेश की सियासत में हमेशा से ही दबदबा रखने वाले पूर्वांचल के इलाके में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम ने सियासी तपिश को बढ़ा दिया है. पूर्वांचल के बाहुबली नेता बृजेश सिंह ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव सीधे मैदान में उतरकर लड़ने की घोषणा कर दी है. रविवार को वाराणसी के प्रसिद्ध अस्सी घाट पर पप्पू की चाय की दुकान पर पहुंचे पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने बनारसी अंदाज में कहा, ‘हां विधानसभा चुनाव लडूंगा और कहां से लडूंगा, इसकी जानकारी भी जल्द मिल जाएगी.’
पहली बार जनता के बीच आने का वादा
पर्दे के पीछे से चुनाव लड़ाने और एमएलसी चुनाव तक सीमित रहने वाले बृजेश सिंह पहली बार सीधे विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे. उन्होंने कहा, ‘मैं रघुवंशी हूं, वचन देता हूं कि आपकी किसी पीड़ा में प्राण देकर शामिल होऊंगा.’ उन्होंने आगे कहा कि उन्हें धन-दौलत की आवश्यकता नहीं है, बल्कि जनता की सेवा के लिए राजनीति की जरूरत है. हालांकि उन्होंने अभी पार्टी और सीट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उनके राष्ट्रवाद और धर्म की रक्षा वाले बयान से साफ संकेत हैं कि वे बीजेपी या उसके किसी सहयोगी दल यानी एनडीए के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं.
‘किंगमेकर’ से ‘किंग’ बनने का प्लान और पारिवारिक रसूख
बृजेश सिंह का परिवार वाराणसी और चंदौली क्षेत्र में दशकों से मजबूत पकड़ रखता है. उनके बड़े भाई चुलबुल सिंह और खुद बृजेश सिंह निर्दलीय एमएलसी रहे हैं. वर्तमान में उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह वाराणसी से निर्दलीय एमएलसी हैं और भतीजे सुशील सिंह चंदौली की सैयदराजा सीट से बीजेपी विधायक हैं. अब तक पर्दे के पीछे से बिसात बिछाने वाले बृजेश सिंह खुद किंगमेकर से किंग बनने के लिए चंदौली, वाराणसी या जौनपुर की किसी सीट से सीधे मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं
मुख्तार अंसारी के बाद ‘पॉवर वैक्यूम’ को भुनाने की तैयारी
पूर्वांचल की राजनीति पिछले तीन दशकों से ‘मुख्तार बनाम बृजेश’ के इर्द-गिर्द घूमती रही है. मुख्तार अंसारी के निधन के बाद उनके परिवार (अफजाल अंसारी और उमर अंसारी) का दबदबा गाजीपुर और मऊ तक सीमित करने के लिए बृजेश सिंह का सीधे मैदान में आना ठाकुर (क्षत्रिय) लॉबी को एक बड़ा राजनीतिक चेहरा दे सकता है. मुख्तार के बाद जो ‘पॉवर वैक्यूम’ बना है, बृजेश उसे पूरी तरह अपने पक्ष में भुनाना चाहते हैं. इसका असर गाजीपुर, वाराणसी, मऊ, जौनपुर और चंदौली समेत पूरे पूर्वांचल के समीकरणों पर पड़ेगा.
