UNSC Arria Formula Meeting। भारत ने चीन और पाकिस्तान द्वारा आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक अनौपचारिक बैठक में जम्मू कश्मीर पर पाकिस्तान की ”अनावश्यक” टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह केंद्रशासित प्रदेश देश का ”पूरी तरह आंतरिक” मामला है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतनेनी हरीश ने ‘कार्यान्वयन की खाई को पाटना: सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना’ विषय पर मंगलवार को आयोजित सुरक्षा परिषद की ‘अर्रिया-फॉर्मूला’ बैठक में यह टिप्पणी की।
कश्मीर पर प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिश नाकाम
हरीश ने कहा, ”मैं पाकिस्तान के प्रतिनिधि द्वारा की गई अनावश्यक टिप्पणियों का भी उल्लेख करना चाहूंगा। यह अविश्वसनीय है कि जिस सह-अध्यक्ष से संतुलित और निष्पक्ष आचरण की अपेक्षा थी, उसने इस मंच का राजनीतिकरण करने का विकल्प चुना।” उन्होंने कहा, ”समय की कमी को देखते हुए मैं केवल इतना कहना चाहूंगा कि केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर पूरी तरह भारत का आंतरिक मामला है। यह हमेशा से ऐसा रहा है, अब भी है और आगे भी रहेगा।”
अर्रिया-फॉर्मूला’ में पाक प्रतिनिधि आसिम इफ्तिखार ने अलापा था कश्मीर राग
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत आसिम इफ्तिखार अहमद ने बैठक में अपने संबोधन के दौरान जम्मू कश्मीर का मुद्दा उठाया था जिसके बाद हरीश ने यह टिप्पणी की। बैठक का आयोजन संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान और चीन के स्थायी मिशनों ने किया था। पाकिस्तान 2025 और 2026 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) का अस्थायी सदस्य है। भारत लगातार कहता रहा है कि संपूर्ण जम्मू कश्मीर और लद्दाख केंद्रशासित प्रदेश देश का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा हैं तथा हमेशा बने रहेंगे। कश्मीर मुद्दे को लेकर भारत और पाकिस्तान के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं।
बैठक में भारत का कड़ा और स्पष्ट रुख
नयी दिल्ली किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को दृढ़ता से खारिज करती रही है और उसका कहना है कि जम्मू कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है। ‘अर्रिया-फॉर्मूला’ बैठकें अनौपचारिक और गोपनीय बैठकें होती हैं जिनमें सुरक्षा परिषद के सदस्य और आमंत्रित प्रतिभागी देश लचीली व्यवस्था में विचारों का आदान-प्रदान कर सकते हैं। इस प्रारूप का नाम वेनेजुएला के पूर्व राजदूत डिएगो अर्रिया के नाम पर रखा गया है जिन्होंने 1992 में इसकी शुरुआत की थी।
