राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में शुक्रवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बैठक का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अमित शाह का यह दौरा भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी। केंद्रीय गृह मंत्री बैठक का उद्घाटन करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन करेंगे।बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी।अमित शाह के लखनऊ दौरे को लेकर भाजपा नेताओं और प्रदेश सरकार के मंत्रियों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। बैठक से पहले कई नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने तो 300 पार का लक्ष्य दोहराते हुए पार्टी की जीत का भरोसा जताया।
संगठनात्मक कामकाज की होगी समीक्षा
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बैठक को अनुशासित, व्यवस्थित और संदेशपरक बनाने के लिए माइक्रोमैनेजमेंट तथा टीम वर्क पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति का संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए।
वरिष्ठ नेताओं की रहेगी मौजूदगी
लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होने वाली बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सहप्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी शामिल होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, एमएलसी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, क्षेत्रीय व जिला संगठन के पदाधिकारी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
