बड़े मंगल पर जनआस्था के केंद्र बने डॉ. राजेश्वर सिंह, दो दर्जन से अधिक आयोजनों में पहुंचकर दिया सेवा और सद्भाव का संदेश

Lucknow

लखनऊ। ज्येष्ठ मास के पावन बड़े मंगल पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का पूरा दिन धार्मिक आस्था, जनसेवा और सामाजिक समरसता को समर्पित रहा। लखनऊ और सरोजनीनगर क्षेत्र में आयोजित दो दर्जन से अधिक भंडारों एवं धार्मिक आयोजनों में पहुंचकर उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया, आयोजकों का उत्साहवर्धन किया और सेवा भाव को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

  • शहरभर के भंडारों में दिखी सक्रिय सहभागिता

रहीमाबाद के निरामय स्वास्थ्य केंद्र से लेकर आजाद नगर, एलडीए कॉलोनी, रामगढ़ कॉलोनी, शारदा नगर, तेलीबाग, वृंदावन, कैसरबाग, बंथरा, लतीफ नगर, माती और मोहनलालगंज रोड तक आयोजित भंडारों में डॉ. राजेश्वर सिंह लगातार पहुंचे। हर स्थान पर श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया और उन्होंने स्वयं प्रसाद वितरण कर सेवा कार्यों में सहभागिता निभाई। दिनभर धार्मिक आयोजनों में उमड़ी श्रद्धा और उत्साह ने बड़े मंगल की महिमा को और भी भव्य बना दिया।

  • आस्था के साथ सामाजिक समरसता का संदेश

विभिन्न आयोजनों में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि बड़े मंगल केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं है, बल्कि यह सेवा, परोपकार और सामाजिक एकता का भी उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं तथा लोगों को एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने की प्रेरणा देते हैं।

  • सेवादारों और आयोजकों की सराहना

भंडारों में सेवा कार्यों में जुटे स्वयंसेवकों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोग ही सामाजिक मूल्यों को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सेवा कर रहे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और उनके समर्पण को अनुकरणीय बताया।

  • पंचवटी घाट से वृंदावन तक गूंजा सेवा का संदेश

अहिमर्दन पातालपुरी हनुमान सेवा ट्रस्ट, वृंदावन, तेलीबाग, सेनानी विहार, एलडीए कॉलोनी, बांग्ला बाजार और अन्य क्षेत्रों में आयोजित भंडारों में उनकी उपस्थिति ने आयोजनों की गरिमा बढ़ाई। श्रद्धालुओं के साथ संवाद करते हुए उन्होंने बड़े मंगल की परंपरा को लोककल्याण और जनसेवा से जोड़ने का आह्वान किया।

  • बच्चों के बीच पहुंचे, थामा बल्ला और बढ़ाया उत्साह

धार्मिक कार्यक्रमों की व्यस्तता के बीच एक अलग और प्रेरणादायी दृश्य तब देखने को मिला जब डॉ. राजेश्वर सिंह की नजर राजकीय यू.पी. सैनिक इंटर कॉलेज के पास क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर पड़ी। वे मैदान में पहुंचे और बच्चों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। विधायक को अपने बीच खेलता देख बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी।

  • खेल प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन

बच्चों के खेल के प्रति समर्पण से प्रभावित होकर डॉ. राजेश्वर सिंह ने दो क्रिकेट स्पोर्ट्स किट भेंट कीं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। समाज और राष्ट्र निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए युवा प्रतिभाओं को हरसंभव प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।

  • सुख, शांति और समृद्धि की कामना

दिनभर चले धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के समापन पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने संकटमोचन हनुमान महाराज से सभी के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि जनसेवा, सामाजिक सद्भाव और लोककल्याण के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा और जनता के बीच रहकर सेवा का यह संकल्प आगे भी इसी तरह चलता रहेगा।