यूपी में उड़द, मूंग और मूंगफली खरीद का लक्ष्य तय, रबी फसलों की अवधि बढ़ी

# ## UP

किसानों के लिए अच्छी खबर है। कृषि मंत्रालय ने रबी और जायद दोनों फसलों की खरीद अवधि बढ़ा दी है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ मूल्य समर्थन योजना (PSS) की वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक की।

यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विशेष अनुरोध पर रबी सीजन 2025-26 की फसलों-तूर (अरहर), चना और सरसों की खरीद अवधि बढ़ाकर 30 जून तक कर दी है। इन फसलों की खरीद के लिए राज्य में 313 क्रय केंद्र सक्रिय रहेंगे।

नैफेड और यूसीसीएफ ये दो केंद्रीय एजेंसियां खरीद कर रही हैं। जबकि पांच राज्य स्तरीय एजेंसीज हैं। इसमें यूपीपीसीयू, यूपीपीसीएफ, जैफेड, यूपीएसएस, और हैफेड शामिल हैं। किसान सरसों, तूर और चना इन क्रय केंद्रों पर बेच सकते हैं।

इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन जायद सत्र (2025-26) और विपणन वर्ष (2026-27) में पैदा होने वाली दहलनी और तिलहनी फसलों का लक्ष्य निर्धारित कर दिया है।  यूपी में 97, 770 मीट्रिक टन उड़द खरीद का लक्ष्य रखा गया है। उड़द का समर्थन मूल्य 8,200 प्रति क्विंटल है। मूंग खरीद का लक्ष्य 48,298 मीट्रिक टन है। इसका समर्थन मूल्य 8,780 प्रति क्विंटल तय किया है। मूंगफली खरीद का लक्ष्य 41,718 मीट्रिक टन है। इसका समर्थन मूल्य 7,517 प्रति क्विंटल रखा है।

उड़द, मूंग और मूंगफली खरीद के लिए राज्य में दो केंद्रीय एजेंसियां और पांच राज्य एजेंसीज खरीद करेंगी। तीन महीने यानी 90 दिनों तक इन क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया चलेगी। किसानों से आह्वान किया गया है कि वे पंजीकरण कराकर क्रय केंद्रों पर निर्धारित समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेचें।