शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना अब अपनी अपकमिंग फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी ये फिल्म इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। फिल्म के गानों से लेकर ट्रेलर तक को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और अब दर्शकों के बीच इस फिल्म की रिलीज का इंतजार हो रहा है। पिछले दिनों ही मेकर्स ने ‘कॉकटेल 2’ की एडवांस बुकिंग भी खोल दी थी, शुरुआत में तो इसे लेकर दर्शकों से कुछ खास रिस्पॉन्स देखने को नहीं मिला, लेकिन जैसे-जैसे रिलीज डेट पास आ रही है, एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में भी सुधार आ रहा है।
कितना रहा कॉकटेल 2 का एडवांस बुकिंग कलेक्शन
‘कॉकटेल 2’ की एडवांस बुकिंग 14 जून से शुरू हो गई थी और अब तक फिल्म के 57 हजार टिकट्स बिक चुके हैं। फिल्म ने ब्लॉक की गई सीटों को छोड़कर 1.97 करोड़ का कलेक्शन किया है और ब्लॉक सीट्स को मिलाकर ये कलेक्शन 3.67 करोड़ है। वहीं फिल्म के पास एडवांस बुकिंग में और बेहतर कमाई करने के लिए अभी भी गुरुवार का दिन पड़ा है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि शाहिद की फिल्म एडवांस बुकिंग में और कितना कलेक्शन करती है और ओपनिंग डे पर क्या धमाका करती है।
क्या एडवांस बुकिंग में 2026 की टॉप फिल्मों में से एक बन पाएगी कॉकटेल 2?
‘कॉकटेल 2’ के अब तक के एडवांस बुकिंग के आंकड़े तो शानदार हैं, लेकिन अब देखना ये होगा कि ये एडवांस बुकिंग के मामले में 2026 की टॉप फिल्मों में से एक बन पाएगी या नहीं। फिलहाल रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधरः द रिवेंज’ एडवांस बुकिंग के मामले में टॉप पर है, जिसने प्री-सेल्स में ही 53 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था, वहीं बॉर्डर 2 ने 12.5 करोड़ के कलेक्शन के साथ दूसरे नंबर पर अपनी जगह बना रखी है। अब देखना ये है कि ‘कॉकटेल 2’ को एडवांस बुकिंग कलेक्शन मामले में कौन सा नंबर मिलता है।
कब रिलीज हो रही है कॉकटेल 2?
फिल्म की रिलीज की बात करें तो ये 19 जून को यानी कल ही सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं और होमी अदजानिया ने इसका निर्देशन किया है। ये फिल्म 2012 में आई ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी लीड रोल में थे। इस फिल्म के निर्देशक भी होमी अदजानिया ही थे और बॉक्स ऑफिस पर इसने जबरदस्त परफॉर्म किया था।
