महाराष्ट्र के नागपुर जिले में चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, नागपुर के खापरखेड़ा में कल दोपहर दिन दहाड़े 5 लाख रुपये से भरा बैग दो लोगों ने मिलकर गायब कर दिया है। चोरी की ये पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हो गई है। जानकारी के मुताबिक, जिनके पैसे चोरी हुए हैं वे एक बड़ी निजी कंपनी के कर्मचारी थे और कार को खड़ी कर के रेस्टोरेंट पर चाय-नाश्ते के लिए रुके थे।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बड़ी निजी कंपनी के कर्मचारी संपत मुलाशी साहू और चालक अतुल काले बैंक से 5 लाख रुपये निकालकर सावनेर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में दोनों चाय-नाश्ते के लिए एक रेस्टोरेंट के पास रुके थे। इस दौरान उन्होंने गाड़ी में रखी नगदी डैशबोर्ड पर ही छोड़ दी थी। इसी बीच पहले से नजर रखे एक युवक ने चेहरे को कपड़े से ढककर गाड़ी का दरवाजा खोला और नगदी लेकर बाहर निकल गया। वहीं, एक अन्य शख्स तुरंत ही बाइक से वहां आता है। इसके बाद दोनों आरोपी पैसे लेकर वहां से फरार हो जाते हैं।
वीडियो में क्या दिखा?
इस पूरी घटना का जो वाडियो सामने आया है उसमें साफ दिख रहा है कि एक गाड़ी रेस्टोरेंट के पास रुकती है और दो व्यक्ति कार से बाहर निकलते हैं। चंद सेकंड में ही एक व्यक्ति पैदल आता है और ड्राइवर सीट का दरवाजा खोलता है और पैसे से भरा बैग लेकर बाहर निकल जाता है। इसके बाद एक दूसरा व्यक्ति तुरंत मुंह ढककर बाइक से आता है और बैग निकालने वाले व्यक्ति को पीछे बैठाकर रफूचक्कर हो जाता है।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक और उसका सहयोगी नागपुर के शंकर नगर स्थित निजी बैंक से ₹500000 निकाल कर नागपुर से सावनेर जा रहे थे। इसी दौरान पीपला डाकबंगला राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने वे चाय पीने के लिए रुके। हालांकि, इस दौरान कार के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद नहीं थी। इस दौरान आरोपी ने कार से पैसों से भरा बैग निकाल लिया और दूसरे साथी की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर बैठकर सावनेर दिशा में फरार हो गया।
मामले में खड़े हुए कई सवाल
इस घटना को लेकर नागपुर की खापरखेड़ा पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मामले को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि निश्चित तौर पर पैसों को लेकर टिप दी गई होगी, क्योंकि बैंक से रकम निकालने की जानकारी और वो व्यक्ति वहां पर कैसे पहुंचा? यह जांच का प्रमुख बिंदु है। इतनी बड़ी रकम कार में छोड़कर चाय पीने जाने और वहां कोई सुरक्षा नहीं रखने को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
