शहर में बिजली के खंभों को प्रचार का जरिया बनाने वालों की अब खैर नहीं। बिजली के खंभों पर होर्डिंग-बैनर और पोस्टर लगाने वाले अब चेत जाएं नहीं तो उन्हें जुर्माने का करंट लगेगा। अपने चारों जोन में लेसा अभियान चलाकर खंभों पर लगी प्रचार सामग्री चिह्नित करने जा रहा है। अभियान में मुख्य मार्गो, बाजारों, व्यस्त चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को प्राथमिकता पर रखा जाएगा। त्योहारों का मौसम नजदीक आने के साथ शहर में बैनर और होर्डिंग बढ़ने की आशंका है। जांच टीम खंभों पर लगे होर्डिग और पोस्टरों की तस्वीरें लेकर स्थान का ब्योरा दर्ज कर सूची तैयार करेगी। इसके बाद प्रचार सामग्री लगाने वाले व्यक्ति और संस्था को नोटिस भेजने के साथ जरूरी होने पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
चारों जोन में होगी खंभों की जांच, तस्वीरों से तैयार होगा रिकॉर्ड
लेसा की जांच टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली के खंभों पर लगी प्रचार सामग्री का सर्वे करेंगी। टीम मौके पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग की तस्वीरें लेगी और संबंधित स्थान का ब्योरा दर्ज करेगी। इसके आधार पर सूची तैयार कर प्रचार सामग्री लगाने वाले व्यक्ति या संस्था की पहचान की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार बिजली के खंभे प्रचार सामग्री लगी होने से कर्मचारियों को फाल्ट दुरुस्त करने, तारों की जांच करने और पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य करने में दिक्कत होती है। तारों और उपकरणों के पास प्लास्टिक या कपड़े के बैनर फंसे रहने से स्पार्किंग और गंभीर दुर्घटनाओं का अंदेशा हर समय बना रहता है। फाल्ट सुधारते समय कर्मियों के साथ भी हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा शहर की खूबसूरती पर भी दाग जैसा दिखता है।
बैनर-पोस्टर से बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा
चूंकि अब त्योहार नजदीक है, इसलिए होर्डिंग-बैनर की बाढ़ आने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए कदम उठाया है। जिन बैनरों से मरम्मत कार्य में रुकावट आएगी, उन्हें तुरंत उखाड़ फेंका जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों को खंभों की नियमित निगरानी के निर्देश भी जारी किए गए है, जिससे कार्रवाई के बाद भी दोबारा बैनर टांगने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाकर कड़ी कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए है।
त्योहारों से पहले लेसा अलर्ट, दोबारा बैनर लगाने वालों पर भी नजर
मुख्य अभियंता जानकीपुरम जोन वीपी सिंह, बिजली के खंभे प्रचार के लिए नहीं है। जो भी लोग खंभे पर बैनर, पोस्टर और होडिंग्स लगायेंगे, उन्हें जुर्माने सहित कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों ने कर्मचारियों को खंभों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्रवाई के बाद दोबारा बैनर लगाने वालों की पहचान की जा सके। लेसा का उद्देश्य बिजली व्यवस्था को सुरक्षित रखने के साथ शहर को अनधिकृत प्रचार सामग्री से मुक्त करना भी है।
‘बिजली के खंभे प्रचार के लिए नहीं’
जानकीपुरम जोन के मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने स्पष्ट किया कि बिजली के खंभे प्रचार सामग्री लगाने के लिए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि खंभों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाने वालों को जुर्माने सहित कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। लेसा की इस पहल से उम्मीद है कि बिजली के खंभों पर अनधिकृत प्रचार सामग्री लगाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और मरम्मत कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
