मौसम विभाग के हाई अलर्ट के बीच सोमवार को वृंदावन में आए तेज अंधड़ और तूफानी हवाओं ने भारी तबाही मचाई। इस खराब मौसम के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। इसी दौरान प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के पास एक बड़ा हादसा हुआ। दरअसल तेज हवा के दबाव के कारण एक पुराने मकान का छज्जा अचानक नीचे गिर गया। इस दौरान उस रास्ते से गुजर रहे दो लोग छज्जे के नीचे दब जाने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गए।
छज्जे के नीच दबे घायलों की हुई पहचान
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, जब यह हादसा हुआ तब चारों तरफ धूल भरी आंधी चल रही थी और तेज हवाओं के कारण लोग सुरक्षित जगह पर जाने के लिए भाग रहे थे। तभी अचानक एक मकान के ऊपरी हिस्से का छज्जा टूटकर नीचे आ गिरा, जिससे वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। छज्जे के नीचे दबे घायलों की पहचान 65 साल के गोविंद लाल और 17 साल के आस्था भदौरिया के रूप में हुई है। ये दोनों लोग वृंदावन दर्शन करने आए थे।
पुलिस के अनुसार 8 लोग हुए हैं घायल
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों की मदद से मलबे को हटाया और दोनों घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए वृंदावन के सौ शैय्या अस्पताल ले जाय गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दोनों को चोटें आई हैं, लेकिन मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे दोनों खतरे से बाहर हैं। पुलिस के अनुसार इस आंधी में 8 लोग घायल हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों को दी है घर में रहने की सलाह
इस घटना के बाद मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ घंटों तक मथुरा और आसपास के इलाके में तेज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और भारी बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है। प्रशासन और मौसम विभाग ने सभी स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान जर्जर इमारतों, टीन शेड और बड़े पेड़ों के नीचे बिल्कुल खड़े न हों। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों या सुरक्षित स्थानों से बाहर निकलें।
