उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को शहर के 56 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। सघन चेकिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और फेस स्कैनिंग की प्रक्रिया के चलते परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से काफी पहले केंद्रों पर पहुंचना पड़ा। कई केंद्रों पर अभ्यर्थी हाथों में जूते लेकर लाइन में खड़े दिखाई दिए।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। इसमें 19,440 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 14,897 ने परीक्षा दी, जबकि 4,543 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चली, जिसमें 14,873 अभ्यर्थी शामिल हुए और 4,567 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह पहले दिन कुल 9,110 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कल्याणपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को प्रवेश द्वार पर ही जूते उतारने के निर्देश दिए गए। पुरुष अभ्यर्थियों के बाल और दाढ़ी तक की बारीकी से जांच की गई।
मेटल डिटेक्टर से तलाशी लेने के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की गई, ताकि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके। इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन, रेटिना स्कैन और फेस स्कैनिंग पूरी होने पर ही प्रवेश दिया गया। उधर, कई अभ्यर्थियों ने सामान्य अध्ययन (जीएस) के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन होने की बात कही। उनका कहना था कि प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगने से पेपर पूरा करने में दिक्कत हुई।
