भारतीय सेना का एक चीता लाइट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह घटना बीते 20 मई को लद्दाख सेक्टर में हुई। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट और डिवीजन कमांडर मेजर जनरल सचिन मेहता जख्मी हो गए, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित
सेना के अधिकारियों के मुताबिक, चीता लाइट हेलीकॉप्टर के दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित की गई है। हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि इन हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है
सैनिकों-जरूरी सामान के आवागमन के लिए इस्तेमाल होता है चीता हेलीकॉप्टर
जान लें कि यह दुर्घटना लद्दाख के दुर्गम इलाके में हुई, जहां भौगोलिक और मौसम परिस्थितियां अक्सर चुनौतीपूर्ण बनी रहती हैं। भारतीय सेना के चीता हेलीकॉप्टर्स का प्रयोग मुख्य तौर पर सैनिकों और जरूरी सामान की लाने-ले जाने, निगरानी करने और इमरजेंसी मिशन के लिए किया जाता है। इस हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
