जिला हरदोई के पिहानी ब्लाक में स्थित आर.सी. पब्लिक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह बड़े ही गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को मेडल एवं शील्ड प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले छात्र पियूष मिश्रा सहित अन्य मेधावियों को कॉलेज के प्रबंधक वी.के. वर्मा एवं निदेशक पुष्पा वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस दौरान प्रबंधक वी.के. वर्मा ने कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने सभी छात्रों को निरंतर परिश्रम करने और अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं निदेशक पुष्पा वर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में शिक्षक सौरभ चौधरी, प्रवीण वैश्य, पुष्पेंद्र सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में सभी ने छात्रों के साथ समूह फोटो भी लिया।
