शिक्षक-विद्यार्थी करें ई-लाइब्रेरी का नियमित उपयोग, राज्यपाल की समीक्षा बैठक में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधार पर जोर

# ## Lucknow UP

 प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनन्दी बेन पटेल ने निर्देश दिया कि शिक्षक एवं विद्यार्थी दोनों ही पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी का नियमित उपयोग करें तथा शिक्षक सिलेबस के अतिरिक्त भी गुणवत्तापूर्ण एवं अद्यतन ज्ञान विद्यार्थियों को प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्वयं को नवीनतम ज्ञान से आच्छादित करें, जिससे विद्यार्थियों के बीच उनकी सकारात्मक छवि स्थापित होती है ।

राज्यपाल, बुधवार को जनभवन में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी से संबद्ध शासकीय एवं वित्तपोषित महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ समीक्षा बैठक कर रही थी। उन्होंने महाविद्यालयों की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

आनन्दीबेन पटेल ने निर्देश दिए कि समीक्षा के दौरान चिन्हित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए तथा किए गए एमओयू को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए। उन्होंने महाविद्यालयों को नेशनल ऐसेस्मेंट एंड एक्रीडीटेशन आउंसिल, नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैकिंग फ्रेमवर्क तथा अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के लिए गंभीर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय महाविद्यालयों की सहायता के लिए विशेषज्ञों की टीम नामित करें, जो एनएएसी और एनआईआरएफ की तैयारी में मार्गदर्शन दें। जहां शिक्षकों की कमी है, वहां समायोजन के माध्यम से समाधान निकालने के निर्देश भी दिए गए।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल देते हुए कहा कि उन्हें व्यावहारिक शिक्षा, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर दिए जाएं। उन्होंने साइकिल यात्रा और पदयात्रा जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की बात कही।

बैठक में विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि प्रो. वंदना सिंह ने राज्यपाल के मार्गदर्शन पर आभार व्यक्त करते हुए निर्देशों के पालन का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।