वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। गंगा घाटों पर सुबह से ही रौनक रहती थी, लेकिन भीषण गर्मी के कारण अब यहां सन्नाटा छाने लगा है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। गंगा में बोटिंग करने वालों की संख्या में तेजी से कमी आई है। होटलों और गेस्ट हाउसों में बुकिंग भी घटने लगी है।
भोपाल से घूमने आए पर्यटक मोहित सोलंकी ने बताया, “गंगा घाटों पर पत्थरों की वजह से गर्मी अत्यधिक लग रही थी। कुछ देर परिवार के साथ पैदल घूमने के बाद हम सभी होटल लौट रहे हैं।” नाविक मोनू माझी ने बताया, “सुबह सात बजे तक ही तीखी धूप पड़ने लगती है। पर्यटक और श्रद्धालु अब धूप में बोटिंग नहीं करना चाहते। बोटिंग में 20 से 25 प्रतिशत तक की कमी आ गई है।”
होटल व्यवसायी रंजन ने बताया, “बुकिंग पहले से ही कम हो गई है। गर्मी की वजह से पर्यटक अब ठंडे स्थानों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।” मौसम विभाग के अनुसार अगले 5-6 दिनों में तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस और बढ़ने की संभावना है। साथ ही उमस भी बढ़ेगी। गंगा घाटों वाले इलाकों में तीखी धूप के कारण पत्थर गर्म हो जाएंगे और उमस अत्यधिक रहने की संभावना है।
