लखनऊ पहुंची दिल्ली की टीम का हुआ शानदार स्वागत, मुकाबले से पहले इकाना में खिलाड़ियों का अभ्यास

# ## Game

अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम रविवार दोपहर लखनऊ पहुंची। एयरपोर्ट से निकलकर टीम दोपहर 3:30 बजे शहीद पथ स्थित सेंट्रम होटल में पहुंची, जहां खिलाड़ियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। टीम सोमवार को इकाना स्टेडियम में शाम 6 बजे से 9 बजे तक अभ्यास करेगी।

दिल्ली कैपिटल्स के प्रमुख खिलाड़ी इस अभ्यास में शामिल होंगे, जिनमें एलएसजी के पूर्व कप्तान केएल राहुल, चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव, ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क, दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर और वेस्टइंडीज के गेंदबाज एनगिडी शामिल हैं। इसके अलावा, लखनऊ के स्थानीय लेग स्पिनर विप्रज निगम भी दिल्ली के लिए खेलते नजर आएंगे।

एलएसजी किया इकाना में अभ्यास

लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाड़ी रविवार को ही इकाना स्टेडियम में अभ्यास करते हुए देखे गए। एक अप्रैल को होने वाले मुकाबले के लिए टीम ने पसीना बहाया। दोपहर में अभ्यास सत्र में मुख्य रूप से भारतीय खिलाड़ी शामिल रहे, जबकि ओवरसीज खिलाड़ी आराम करते रहे।

टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने नेट्स पर सभी खिलाड़ियों को बल्लेबाजी करते देखा और कई बल्लेबाजों से उनकी तकनीक पर चर्चा की। अभ्यास में कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, मयंक यादव, अर्जुन तेंदुलकर, आवेश खान, आयुष बदोनी और लखनऊ के पेसर नमन तिवारी शामिल थे।