लखनऊ में मांझे से युवक का गला-चेहरा कटा: पत्नी का पैर टूटा, बेटी घायल; राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

# ## Lucknow

 हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी शहर में खतरनाक मांझे की बिक्री और प्रयोग पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है। बुधवार शाम पुरनिया फ्लाईओवर पर खतरनाक मांझे की रगड़ से बाइक सवार नवमी लाल उर्फ राम नयन कला का गला और चेहरा कट गया। ब्रेक मारने पर बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे पत्नी का पैर टूट गया और बेटी भी घायल हो गई। राहगीरों की मदद से तीनों को ई-रिक्शा से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मड़ियांव के केशवनगर निवासी नवमी लाल उर्फ राम नयन प्राइवेट काम करते हैं। बुधवार शाम वह पत्नी संग बेटी की किताबे खरीदने गए थे। तीनों किताबें खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इस बीच पुरनिया फ्लाईओवर पर अचानक मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। जब तक वह संभलते तेज धार के खिंचाव से गले और चेहरे में कट लग गया। गले से खून निकलने लगा। ब्रेक मारने पर बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा कर पलट गई। हादसे में राम नयन, उनकी पत्नी और बेटी भी घायल हो गई।

सड़क पर गिरने से राम नयन के घुटने छिल गए और पत्नी का पैर टूट गया। सड़क पर पड़े तीनों लोग दर्द से कराहने लगे। चीख पुकार सुनकर दौड़े राहगीर अब्दुला व अन्य ने तीनों को उठाया। खून की धार देख रामनयन के गले में गमछा बांधा। दुपट्टे से घुटने बांधे। एक राहगीर ने रिक्शे को रोकने के साथ ही डॉयल-112 पर सूचना दी। घायलों को ई-रिक्शे पर बैठाया। इस बीच अलीगंज पुलिस भी आ गई। राहगीर राम नयन उनकी पत्नी और बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में राम नयन और उनकी पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है। इंस्पेक्टर अलीगंज अशोक सोनकर ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

तमाशबीन मदद के बजाय बनाने लगे वीडियो

हादसे के बाद सड़क पर गिरे परिवार को अब्दुल्ला व कई अन्य राहगीरों ने उठाया। उन्हें गोद में उठाकर ई-रिक्शा पर बैठाया। कुछ तमाशबीन मदद करने के बजाए वीडियो बनाने लगे। हादसे के कारण पुरनिया पुल पर जाम लग गया था। राहगीरों ने पुलिस को मांझा भी दिखाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मांझा बांधकर पतंग उड़ाने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।