अयोध्या मेडिकल कॉलेज में रैगिंग! फोड़ा सिर… बीएससी नर्सिंग के छात्र की शिकायत पर दर्ज हुई रिपोर्ट

# ## UP

राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के बीएससी नर्सिंग के छात्र के साथ सीनियर छात्रों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर्स ने अज्ञात लोगों के साथ मिलकर छात्र को बुरी तरह से पीटा। हमले में जूनियर छात्र का सिर फट गया। मामले में रैगिंग की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हालांकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन घटना के कारणों की जानकारी से अंजान है।

महाराजगंज जिले के पीड़ित छात्र की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक शनिवार की दोपहर कॉलेज में उसके दो दोस्तों से एक सीनियर छात्र की बहस हो गई। मामला अध्यापकों से सुलझा दिया गया। शाम को पीड़ित छात्र दुकान पर बैठकर अकेले चाय पी रहा था। इस दौरान दोपहर में बहस करने वाला सीनियर छात्र एक साथी और सात-आठ अज्ञात लोगों के साथ आया। लाठी-डंडों व रॉड से लैस सभी लोगों ने छात्र पर हमला कर दिया। हमले में छात्र के पूरे शरीर में चोट आई है। सिर फट गया। आरोप है कि जाते-जाते छात्रों ने जान से मारने की धमकी भी दी। अयोध्या कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि घटना कॉलेज परिसर के बाहर किसी चाय की दुकान पर हुई थी। पीड़ित व्यक्ति के दोस्त से आरोपियों का विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।

एप्रन की बटन बंद को लेकर हुआ था विवाद

-बीएससी नर्सिंग के छात्रों में हुए विवाद में रैंगिंग किए जाने की बातें सामने आ रही हैं। सूत्रों की मानें तो दोनों छात्रों को सीनियर छात्र ने चौथी मंजिल के सेमिनार हॉल के पास एप्रन की बटन बंद कर चलने के लिए कहा था। इस बात को लेकर दोनों जूनियर छात्र व सीनियर छात्र में बहसबाजी हुई थी। दोनों छात्रों ने मामले की शिकायत कॉलेज में रिसर्च देख रहे एक अध्यापक से की थी। यही बात सीनियर छात्रों को नागवार गुजरी और उन्होंने देख लेने की धमकी दे डाली थी। सूत्रों की मानें तो लाठी-डंडों से लैस सीनियर छात्र शाम को उन्हीं दो छात्रों को ढूंढते हुए कॉलेज परिसर में पराग कैंटीन के पास पहुंचे थे। पीड़ित उन्हीं दो छात्रों का दोस्त था। हमलावरों ने आव देखा न ताव पीड़ित छात्र को ही पीटना शुरू कर दिया।