मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुत जल्द लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना लॉन्च होगी, जिसके पहले चरण में स्नातक व परास्नातक के अंतिम वर्ष की मेधावी बेटियों को लाभान्वित करेंगे। दूसरे चरण में धीरे-धीरे अन्य को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने घोषणा की कि मिशन शक्ति अभियान का अगला चरण नवरात्रि से शुरू होगा। योगी ने महिला सशक्तीकरण की योजनाएं गिनाते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में विधानसभा व संसद में भी 33 फीसदी सीटों पर बेटियां व बहनें चुनकर जाएंगी। मुख्यमंत्री रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रय में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करने के साथ पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में आए व्यापक बदलाव के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5-टी मॉडल—ट्रेडिशन, टेक्नोलॉजी, ट्रांसपेरेंसी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की। इसके बाद मातृवंदना योजना समेत कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जोड़ा गया, जिससे देशभर की बेटियां स्वावलंबन की ओर बढ़ रही हैं।
