लखनऊ कचहरी में बम धमकी से मचा हड़कंप, सर्च ऑपरेशन के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

# ## Lucknow

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को उस समय हलचल मच गया जब कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं।

एहतियात के तौर पर पूरे कचहरी परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। धमकी की सूचना के बाद न्यायालय परिसर, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वॉड टीम ने हर कोने की गहन जांच की।

धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल इलाके को घेर लिया। मुख्य प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग कर दी गई और आने-जाने वालों की सख्ती से जांच शुरू की गई। कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और वादकारियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।