(www.arya-tv.com) बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा से है. अमरोहा के थाना देहात इलाके के अतरासी अमरोहा मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. इस हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना है. जानकारी के मुताबिक कार ओवरटेक करते वक्त अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गई. इस हादसे में बाइक सवार भी चपेट में आ गया. गाड़ियों की टक्कर में कार सवार गांव हकामपुर के ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हुई.
इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पूरा मामला अमरोहा के थाना देहात इलाके के अमरोहा अतरासी मार्ग का है, जहां तेज रफ्तार दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई. दोनों कार की चपेट में आने से एक बाइक सवार भी हादसे का शिकार हो गया. टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार टकराकर दूर जा गिरी जिसमें बैठे ग्राम प्रधान हकामपुर विशाल चौधरी सहित तीन लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई.मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने कार में फंसे अन्य घायलों को भी कार से निकालकर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर उनका उपचार चल रहा है. उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. कुछ मृतक लोगों की पहचान हो गई है. अमरोहा एएसपी राजीव सिंह ने बताया कि अमरोहा अतरासी मार्ग पर एक क्रेटा कार और बाइक सवार में टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. शांति व्यवस्था की स्थिति कायम है और पुलिस विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है. मृतकों की शिनाख्त करने के साथ ही उनके परिवार के लोगों को भी सूचित किया गया है.
